नौगांवा सादात (अमरोहा)। रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।
यह घटना सोमवार रात थाना क्षेत्र के नहर पुल के पास की है। लाओजी वाले बाग के पास एक पक्ष से साजिद, अनवर और दूसरे पक्ष से अलीम व इसरार ने साझेदारी में एक प्लॉट खरीदा था। विवाद होने पर साझेदारी टूट गई थी। दोनों ने आपसी सहमति से प्लाॅट को आधा-आधा कर लिया था। इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। दोनों का रास्ता एक ही था। एक पक्ष ने दूसरा पक्ष का रास्ता रोकने के लिए रातोरात दीवार खड़ी कर दी। इससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई। दूसरे पक्ष ने सोमवार रात में दीवार को ढहा दिया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में साजिद, अनवर, अलीम व इसरार घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिगड़े हालात पर काबू पाया। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि दाेनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।