अमरोहा। यातायात पुलिस ने हसनपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कार्रवाई की। यातायात प्रभारी राजेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ संभल चौराहा और अतरासी तिराहा क्षेत्र में सड़क किनारे लगाए गए फल व अन्य सामान के ठेलों को हटवाकर अतिक्रमण समाप्त कराया। इसके अलावा हसनपुर अड्डा क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के चालान किए गए। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। वहीं अमरोहा शहर में शाह विलायत चौराहे पर लगने वाले उर्स मेले के दौरान संभावित जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात संचालन में सहयोग के लिए छह वालंटियर भी लगाए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर अतिक्रमण न करें और यातायात नियमों का पालन करें।