अमरोहा। नगर के मोहल्ला कुरैशी में खूंखार कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अब दो और बच्चियों को कुत्तों ने नोच डाला। अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों घर पर ही इलाज कराया जा रहा है। लगातार कुत्तों के काटने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। नगर पालिका भी कुत्तों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पा रही है।
मोहल्ला कुरैशी में फुरकान की आठ महीने की बेटी हानिया घर के बाहर खेल रही थी। तभी कुत्तों के झुंड ने उसे पर हमला कर दिया। मासूम हानिया को बुरी तरह नोच डाला। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने कुत्तों को खदेड़ा। इतना ही नहीं कुत्तों ने मोहल्ले के ही रहने वाले अनीस की तीन साल की बेटी हफीफा को भी बुरी तरह नोच कर घायल कर दिया। बाद में परिजनों ने दोनों बच्चियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर परिजन दोनों को घर ले गए।
मोहल्ला कुरैशी में कुत्ते लगातार बच्चों को शिकार बना रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में करीब आठ से अधिक बच्चों पर हमला कर घायल कर दिया। इससे पहले सोमवार को मोहल्ले की निवासी मासूम बच्ची समेत चार लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा था। जबकि बुधवार दोपहर मोहल्ला के निवासी मजदूर शाहरुख की तीन साल की बेटी इनाया व एक अन्य मजदूर जाहिद की तीन साल की बेटी अलिशफा को आवारा कुत्तों के झुंड ने काटकर जख्मी कर दिया था। मोहल्ले वासियों के मुताबिक आवारा कुत्ते सप्ताहभर में ही आठ से ज्यादा लोगों पर हमला कर चुके हैं। ईओ डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि कुत्तों को पकड़ने का अभियान चल रहा है। अब तक 100 से अधिक कुत्ते पकड़े जा चुके हैं। शनिवार को बारिश के चलते कुत्ते नहीं पकड़े जा सके। मोहल्ला कुरैशी में विशेष अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़वाया जाएगा।
-