अमरोहा। जिले में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुखार के मरीजों में चिकनगुनिया के लक्षण देख रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में चिकनगुनिया आशंकित पांच मरीज पहुंचे थे। इनमें से तीन मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जबकि, मंगलवार को जोया और अमरोहा में डेंगू के दो मरीज और मिले हैं। तीनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जिले में अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या करीब 30 हो गई है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 980 मरीज पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा बुखार के थे। बुखार के मरीजों को डॉक्टरों ने खून की जांच कराने की सलाह दी। करीब 11 लोगों को डेंगू की जांच कराई है इसमें दो मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई। मालूम रहे कि जिले में बुखार तेजी से फैल रहा है। सरकारी के अलावा निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है।
बुखार के मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही हैं। हालांकि, डेंगू बुखार नहीं होने की स्थिति में प्लेटलेट्स का काफी ज्यादा घटना अमूमन जान पर खतरा नहीं बनता है। आलम ये है कि गली-मोहल्लों गांव और शहर की पाश काॅलोनियों में बुखार उल्टी-दस्त, मलेरिया, डेंगू, दाद-खाज और खुजली के अलावा सांस के गंभीर मरीजों का इलाज झोलाछाप व्यक्ति कर रहे हैं। झोलाछाप डॉक्टर लोगों की जान से जहां खिलवाड़ कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की मिलीभगत से झोलाछाप लोगों ने कई बड़े हॉस्पिटल तक खोल रखे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि डेंगू के दो मरीज और मिले हैं।