अमरोहा। डेंगू जिले में और अधिक खतरनाक हो रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में हुई रैपिड जांच में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में अब डेंगू मरीजों की संख्या 19 हो गई है। हर दिन डेंगू के नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की बेचैनी बढ़ रही है। वहीं, लोगों को भी डर सता रहा है।
जिले में बुखार के साथ डेंगू खूब पैर पसार रहा है। शायद ही कोई दिन हो, जिस दिन डेंगू पॉजिटिव नहीं आ रहा हो। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 12 डेंगू आशंकित मरीज पहुंचे। उनका रेपिड टेस्ट कराया गया। इसमें दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। जिन्हें अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया। जिले के वार्ड में अब पांच मरीज भर्ती हैं। अब डेंगू मरीजों की संख्या जिले में 19 हो गई है। चिकित्सा अधीक्षक डा. चरन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मिले दो मरीजों को एलाइजा टेस्ट कराया जा रहा है। जिला अस्पताल के दो वार्डों में बुखार के 22 मरीज भर्ती हैं।
गांव नाजरपुर कलां में दस दिन में छह मौत
जिले में बुखार लगातार जानलेवा बना हुआ है। गांव नाजरपुर कलां में भी कुछ ऐसे ही हालात हैं। स्थिति यह है कि पिछले दस दिनों में छह लोगों की मौत हो चुकी है। अधिवक्ता लोकेश की गुरुवार को बुखार के चलते मौत हो गई थी। इससे पूर्व गांव में सुरेश कुमार 48 वर्ष, जगदीश (70), रामचंद्र (65), लोकेश कुमार (32), राजबाला की (52) इमरत सिंह (63) की मौत हो चुकी है। इन सभी इलाज मेरठ व मुरादाबाद के अस्पतालों में चल रहा था। अभी भी गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं। मौजूदा समय में कामेश्वरी, जगवती, रेखा, कृष्णा, राकेश, राघव, मदन, धर्मपाल, कलवा, धर्मेंद्र, अजयपाल सिंह आदि बुखार से पीड़ित हैं। जिनका इलाज गांव के ही चिकित्सक से चल रहा है। उधर, ग्रामीणाें का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग से गांव में टीम भेजकर शिविर लगाने की मांग की है। सीएमओ डा. एसपी सिंह का कहना है कि गांव में टीम भेजकर शिविर लगवाया जाएगा।
कई गांवों में लगाया स्वास्थ्य कैंप
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने गजरौला के ग्राम सलेमपुर गोसाई, जोया के ग्राम हाकमपुर एवं हसनपुर ग्राम सोहारिका, माकनपुर सुमाली, शाहपुर कलां और धनौरा में ग्राम आजमपुर, इब्राहिमपुर, पपसरी खादर, शाहजहांपुर, झुंडपुरा व रहरा के ग्राम पौरारा में कैम्प लगाये। इन जगहों पर 1124 रोगियों की जांच की गई। जिसमें 267 बुखार के मरीज पाये गये।