हसनपुर। क्षेत्र के गांव निवासी दो मजदूरों की हापुड़ क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगाचोली मिलक निवासी श्योराज (28) पुत्र खानचंद और देवेंद्र (30) पुत्र प्रकाश और अनिल तीनों मजदूरी करते थे। कुछ समय पूर्व तीनों ने बुलंदशहर में मजदूरी का कार्य किया था। वहां पर ठेकेदार के पास इनके कुछ रुपये रुके हुए थे। रविवार को तीनों दोस्त बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलवाड़ा सलारपुर के नजदीक टैंकर की टक्कर हो गई। हादसे में श्योराज और देवेंद्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि अनिल घायल हो गया। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक श्योराज और देवेंद्र पर तीन-तीन बच्चे हैं।