अमरोहा। शहर में किन्नरों के दो गुटों के बीच बधाई लेने के अधिकार और इलाकों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मंगलवार रात दोनों गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विरोध के दौरान कुछ किन्नरों ने निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किन्नरों के दो गुट बधाई लेने के अधिकार को लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर तय क्षेत्रों में हस्तक्षेप करने और परंपराओं का उल्लंघन करने के आरोप लगा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी कई बार बधाई लेने के क्षेत्रों को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी हो चुकी है और मामला पुलिस तक पहुंचा है। पूर्व में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया था। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।