गढ़मुक्तेश्वर में 23 जून की शाम हुए सड़क हादसे में घायल हुए अमरोहा के अदनान (24) व तौहीद (22) की मौत हो गई। दोनों दोस्त दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती थे। 23 जून को दोनों गढ़मुक्तेश्वर में शादी में जाने और देर रात तक लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। परिजनों ने दोनों शवों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
मृतक अदनान मोहल्ला कुरेशी निवासी सदाकत और तौहीद मोहल्ला बाजार रज्जाक निवासी माकूल अहमद के बेटे थे। दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे। परिजनों के मुताबिक 23 जून की देर शाम दोनों बाइक लेकर घर से निकले थे। अदनान ने परिजनों को हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में एक शादी में जाने की बात कहते हुए देर से लौटने की बात कही थी, लेकिन सोमवार देर रात तक दोनों के न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की।
मंगलवार सुबह दस बजे अदनान के परिजनों के पास मेरठ मेडिकल काॅलेज से फोन आया और दोनों के घायल होने के बारे में बताया। जानकारी पर परिजन मेरठ मेडिकल काॅलेज पहुंच गए। गंभीर हालात में डॉक्टरों ने दोनों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था।
जानकारी करने पर पता चला कि दोनों गढ़ से स्याना रोड पर हादसे में घायल हुए थे और मेरठ मेडिकल कॉलेज में दोनों को एक एंबुलेंस चालक ने भर्ती कराया था। दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में मंगलवार शाम डॉक्टरों ने अदनान को मृत घोषित कर दिया, जबकि तौहीद की हालत नाजुक बनी थी। अदनान के परिजनों ने शव को अमरोहा लाकर सुपुर्दे खाक कर दिया। वहीं, बुधवार देर रात तौहीद ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों के सिर में गहरी चोट लगी थी। मामले में परिजनों ने कानूनी कार्रवाई नहीं की है।