गजरौला(अमरोहा)। हाईवे पर रविवार सुबह लगभग दस बजे एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार नवविवाहिता और उसके दस वर्षीय भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चला विवाहिता का पति और तीन रिश्तेदार घायल हो गए। जबकि सभी लोग गांव बसैली से मेरठ रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इत्तेफाकिया हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव बसैली निवासी जावेद पुत्र बुंदू अपनी पत्नी नाजिया (22), साले कामरान (10) मां फिरदौसी, भाई फुरखान और भाभी इमराना के साथ कार में किठौर (मेरठ) के गांव मंडाली जा रहे थे। कार जावेद चला रहे थे। बताते हैं कि सुबह दस बजे ब्रजघाट से पूर्व जीरो बंधे के निकट अचानक ही कार का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से जा टकराई। तेज धमाके की आवाज सुनकर वहां भीड़ लग गई। वहां मौजूद लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। नाजिया और उसके भाई कामरान निवासी बदरखा की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी भिजवाया गया। यहां केंद्र अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने नाजिया और कामरान को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी रोते-बिलखते सीएचसी आ पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर इत्तेफाकिया हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
तीन माह पूर्व हुआ था निकाह, शव से लिपटकर बिलखा जावेद
गजरौला। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली गांव बदरखा (हापुड़) निवासी नाजिया का निकाह तीन माह पूर्व ही थाना क्षेत्र के गांव बसैली निवासी जावेद से हुआ था। छोटा भाई कामरान बहन की ससुराल में आया हुआ था। जावेद की मां फिरदौसी के मुताबिक सभी कार में बैठकर मेरठ रिश्तेदारी में जा रहे थे। अचानक में ही रास्ते में हुए हादसे में उनकी बहू और उसके भाई की मौत हो गई। सीएचसी में मौजूद जावेद को चिकित्सकों और परिजनों ने नहीं बताया था कि नाजिया की मौत हो चुकी है। काफी देर बाद जब स्ट्रेचर पर रखे नाजिया के शव को बाहर ले जाया जा रहा था तो जावेद को उसकी मौत की जानकारी हुई। वह पत्नी के शव से लिपटकर बिलख उठा और कई-कई बार फर्श पर खड़े से गिर पड़ा। वहीं दस वर्षीय पुत्र कामरान के शव को देख गांव से आए पिता उवैद का भी रो-रोकर बुरा हाल था।