बिजली कटौती की शिकायत लेकर देहात बिजलीघर गए ग्रामीण को बंधक बनाकर पीटने के मामले में दो संविदाकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, बिजली विभाग के अधिकारियों ने लापरवाही मानते हुए दोनों संविदाकर्मियों को नौकरी से हटा दिया है। उनकी संविदा समाप्त कर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव फूलपुर बीजलपुर में कई दिन से बिजली कटौती जारी थी। ग्रामीणों के मुताबिक आठ से 10 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। गांव निवासी बंटी साथियों के साथ बाइक से बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे कटौती की शिकायत करने बिजलीघर गया था। वह बिजलीघर में शिकायत करने गया तो कर्मचारियों से उसकी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इस दौरान बिजलीकर्मियों ने बंटी को पकड़ लिया और कमरे का दरवाजा बंद कर उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बंटी के साथियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो कर्मचारियों ने उनकी नहीं सुनी।
इस दौरान उसके साथियों ने खिड़की से मारपीट करते हुए वीडियो बना ली थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि बंटी की तहरीर पर मारपीट के मामले में संविदा कर्मी लाइनमैन परवीन और नरेश उर्फ धारा सिंह निवासी गांव अहरौला अहमद यार खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, एसडीओ प्रबल गौड़ का कहना है कि मारपीट करने वाले दोनों बिजली संविदा कर्मियों की संविदा समाप्त कर दी गई है। उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है।