अमरोहा। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर आगे चल रही ब्रेजा कार से हो गई। हादसे में वैगनआर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि बरेली जिले के सिरौली निवासी शिव शंकर शनिवार दोपहर वैगनआर कार से हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही ब्रेजा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर चालक शिव शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डिडौली कोतवाली पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को कब्जे में ले लिया गया है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद