हसनपुर-अतरासी मार्ग पर गांव बावनखेड़ी के पास दूसरे वाहन को बचाने के फेर में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बसपा नेता के बेटे और उसके रिश्तेदार की (ममेरे-फुफेरे भाई) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने किसी तरह से घायलों को कार से बाहर निकाला। इधर, पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। उधर, सूचना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर बसपा नेताओं-कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई थी।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव कोठीपुरा निवासी बिट्टू (25) पुत्र सोमपाल अपने ममेरे भाई पिंटू (23) पुत्र वीर सिंह (पिंटू के पिता वीर सिंह बसपा नेता भी हैं, वे विधानसभा क्षेत्र की कार्यकारिणी में पदाधिकारी रह चुके हैं) निवासी सकेनिया और रिश्ते के मामा धर्मसिंह निवासी सकेनिया, रहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव हैदलपुर निवासी प्रिंस पुत्र सुभाष के साथ कार से मुरादाबाद के गांव चकफेरी में एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौटकर हसनपुर क्षेत्र के गांव ईशापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
शुक्रवार को करीब तीन बजे जब कार हसनपुर-अतरासी मार्ग पर गांव बावनखेड़ी के पास पहुंची तो सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियांत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बिट्टू और पिंटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि धर्मसिंह और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह से घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डाक्टरों ने दोनों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। शवों को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के फोन के पौन घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
हसनपुर(ब्यूरो)। शुक्रवार को जब कार बावनखेड़ी में पेड़ से टकरा गई तो मौके पर जमा ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए घायलों को बाहर निकला और तुंरत ही एबुलेंस सेवा 108 को सूचना दी, लेकिन जानकारी मिलने के बाद भी एंबुलेंस करीब पौन घंटा बाद पहुंची। इसके चलते घायल सड़क पर तड़पते रहे। मौके पर पहुंचे एसएसआई आरके सिंह ने एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया।
ग्रामीणों ने की मदद
हसनपुर(ब्यूरो)। जिस समय बावनखेड़ी के पास हादसा हुआ, उस समय गांव जेबड़ा गुर्जर निवासी सुरेंद्र सिंह गुर्जर अपनी बाइक से अमरोहा की तरफ से आ रहे थे। इस दौरान बावनखेड़ी के पूर्व प्रधान फुरकान उर्फ बोबा सिंह ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर अन्य ग्रामीणों के साथ घायलों की मदद के लिए जुट गए।
डेढ़ माह पहले विवाह में मिली थी कार
हसनपुर(ब्यूरो)। रहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव हैदलपुर निवासी प्रिंस पुत्र सुभाष को कार करीब डेढ़ माह पहले सैदगनली थाना क्षेत्र के गांव बिजनौरा में हुए विवाह में मिली थी। शुक्रवार को प्रिंस अपने रिश्तेदारों के साथ कार से शादी समारोह में शामिल होने के लिए ईशापुर जा रहा था, हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि प्रिंस के दादा यूपी पुलिस में कांस्टेबल थे।
ट्रैक्टर की टक्कर लगने से युवक की मौत
गंगेश्वरी(ब्यूरो)। नानई निवासी कपिल पुत्र शिवलाल(18) बृहस्पतिवार की रात को गेंहू निकासी वाली मशीन पर बैठा था। इस दौरान दूसरा ट्रैक्टर आया और मशीन में टक्कर लग गई। जिसमें कपिल घायल हो गई। परिजन घायल को मेरठ ले गए। जहां कपिल दम तोड़ दिया। मौत से परिजनों में कोहरम मच गया।