नौगांवा सादात/ रजबपुर। दो बाइकों की भिड़ंत में आटा मिल मालिक सनफराज (25) की मौत हो गई। जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
मृतक सनफराज रजबपुर थानाक्षेत्र में अतरासी गांव के रहने वाले थे। परिवार में पिता सैयाद, माता शाहजहां और चार भाई हैं। पांच भाइयों में सबसे छोटे सनफराज बृहस्पतिवार को अपने चचेरे भाई उस्मान के साथ बिजनौर जनपद के कुड़ा बलदाना गांव गया था। यहां पर सनफराज के बड़े भाई शुएब की ससुराल है। शुएब की पत्नी अपने मायके में थी। सनफराज और उसका चचेरा भाई उस्मान भाभी से अलमारी की चाबी लेने गए थे। करीब आठ बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। उन्होंने हेलमेट भी लगा रखा था।
अमरोहा-नौगांवा रोड पर पीलाकुंड के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इस बाइक पर नौगांवा सादात कस्बा के रहने वाले मोहम्मद जमा और उसका दोस्त अफ्फान सवार थे। दोनों अमरोहा नगर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ते हैं। दोनों ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे थे। भिड़ंत इतनी तेज थी कि चारों युवक उछलकर दूर जा पड़े।
सूचना पर पुलिस भी आ गई। चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने सनफराज को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उसके चचेरे भाई उस्मान, दूसरी बाइक पर सवार छात्र मोहम्मद जमा और अफ्फान को मुरादाबाद रेफर किया गया है। जहां तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। जानकारी मिली है कि परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। अगर तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।