गजरौला (अमरोहा)। शुक्रवार को गजरौला पुलिस ने टोकरा पट्टी के जंगल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 35 लाख रुपये कीमत की 274 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपियों में एक बिजनौर तो दूसरा पैंजनिया गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान टोकरा पट्टी के जंगल से बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र के मूस्सेपुर गांव निवासी अक्षय उर्फ अर्जुन और हल्दौर थाना क्षेत्र के पैंजनिया गांव निवासी दुष्यंत को पकड़ा। तलाशी में दोनों के कब्जे से पुलिस ने 274 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस दोनों को थाने लाई। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वह हेरोइन को गजरौला में अपने साथी को बेचने आए थे।
पुलिस अब उनके उस साथी की तलाश की जा रही है, जिसको हेरोइन बेचने आए थे। दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी अरिहंत सिद्धार्थ और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
औद्योगिक नगरी से जुड़ा हेरोइन तस्करों का नेटवर्क
गजरौला। 35 लाख रुपये की हेरोइन संग पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। सूत्रों का कहना है कि पुलिस को जानकारी मिली कि गजरौला के कुछ लोग इस धंधे में लिप्त हैं, जिनका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है। वह आसपास के जिलों में भी हेरोइन की तस्करी करते हैं।
अब थाना पुलिस हेरोइन की तस्करी में पकड़े गए दोनों आरोपियों का नेटवर्क खंगाल रही है। आखिर इस नेटवर्क में कौन-कौन जुड़े हैं, यह पता लगाया जा रहा है।