पुलिस ने बिजली के तार व अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने धनौरा मार्ग पर आरएस प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से चोरी करना कबूल किया। दोनों से चोरी का मोबाइल, टावर बनाने का सामान, कंडेक्टर तार, 45 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार रात अरबाज व फरियाद निवासी पपसरा खादर को तिगरी मार्ग किनारे आर्मी के मैदान से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्ज से 45 हजार रुपये नकद, घास में छिपाकर रखा मोबाइल, टावर बनाने का सामान, 20 मीटर कंडेक्टर एल्यूमीनियम तार बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने अहरौला तेजवन के जंगल में आर एस प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से चोरी करना कबूल किया।
दोनों ने बताया कि वह वह शान मोहम्मद उर्फ बंटी, नावेद, जुनैद निवासी विजय नगर गजरौला के साथ वारदात को अंजाम देते थे। शाहदत, आसिफ, फुरकान, फजरा निवासी सुनपुरा कलां, शारिक, मोहसिन निवासी पपसरा खादर, बुलंदशहर के डिबाई का गुड्डु रंगीला भी चोरी में शामिल रहते थे। वह दिल्ली निवासी मुर्शिद की गाड़ी से सामान लादकर ले गए थे। साथ ही सामान को दिल्ली में हाजी के यहां पांच लाख रुपये में बेचना कबूल किया। उन्होंने बिजली के तार व अन्य सामान औद्योगिक क्षेत्र से भी चोरी करना कबूल किया। सीओ ने बताया कि दोनों के जो साथी हाथ नहीं लगे हैं, उनकी धर पकड़ को पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का चालान कर दिया गया है।