कक्षा 12 की छात्रा से छेड़छाड़ करने में पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया है। इनमें से एक आरोपी पीड़िता का मौसेरा भाई है और दूसरा मौसेरे भाई का ताऊ का बेटा है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के मुताबिक दो जून 2025 को गांव के ही एक युवक ने उनकी 15 साल की बेटी के साथ छेड़खानी की थी। पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन आरोपी के घरवालों के माफी मांगने पर समझौता हो गया था। इसके बाद 17 अगस्त को किसान की बेटी घर से कूड़ा डालने के लिए गई थी, तो आरोपी युवक ने दोस्त के साथ मिलकर छात्रा को पकड़ लिया और उसके साथ छेड़खानी की थी। इसके बाद बेटी डरी सहमी रहने लगी और स्कूल जाना छोड़ दिया।
वह गांव के पास ही एक इंटर कालेज में इंटर की छात्रा है। पिता ने एसपी से शिकायत की तो मामले में कार्रवाई हुई। पुलिस ने गांव के दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पीड़िता का मौसेरा भाई है, जबकि दूसरा मौसेरे भाई के ताऊ का बेटा है। सीओ ने बताया कि छात्रा ने स्कूल जाना नहीं छोड़ा है। वह स्कूल जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया है।