गजरौला (अमरोहा)। देहरादून से चलकर वाया गजरौला दिल्ली जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस का इंजन यहां अचानक फेल हो गया। इससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रेनों को कांकाठेर और मंडी धनौरा रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। वहीं हापुड़ से दूसरा इंजन आने के बाद ही मसूरी एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे विलंब से दिल्ली की दिशा में रवाना हो सकी। इस दौरान हजारों यात्री परेशान रहे।
देहरादून से चलकर दिल्ली जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस रात लगभग एक बजे प्लेटफार्म की ओर आ रही थी। बताते हैं कि नजीबाबाद रेलखंड से गजरौला प्लेटफार्म के लिए बनी कैंची पर ही अचानक ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इससे ट्रेन प्लेटफार्म और ट्रैक पर ही अटक गई। वहीं काफी देर तक इंजन चालू नहीं होने पर दिल्ली से लखनऊ की दिशा में जा रही 12430 सुपरफास्ट एसी एक्सप्रेस को कांकाठेर में रोकना पड़ा। उधर, कैंची खाली नहीं होने के कारण चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली एक्सप्रेस को मंडी धनौरा में स्टेशन पर रोकना पड़ा। इस दौरान कई ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। वहीं जानकारी होने पर रेलवे में खलबली मच गई। बताते हैं कि मुरादाबाद कंट्रोल के आदेश पर हापुड़ से इंजन मंगाया गया। हापुड़ से आए इंजन ने मसूरी एक्सप्रेस को सहारा देकर प्लेटफार्म तक पहुंचाया। इसके बाद ही कैंची खाली हो सकी और रुकी हुई ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। बताते हैं कि मसूरी एक्सप्रेस सुबह तीन बजकर 57 मिनट पर लगभग तीन घंटे विलंब से रवाना हुई।