शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के पुलिए ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया। ट्रैफिक प्लान रविवार को लागू किया गया, जिसमें ई-रिक्शा और टेंपो के आवागमन के लिए रास्ते चिह्नित किए गए थे, लेकिन पहले ही दिन पुलिस का ट्रैफिक प्लान फेल हो गया। अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की तो कई स्थानों पर जाम की स्थिति मिली। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी देखने को मिली।
शहर में यातायात व्यवस्था बहुत खराब है। ई-रिक्शा और ऑटो का रूट निर्धारित नहीं होने से सड़कों पर जगह- जगह मनमर्जी से ई-रिक्शे खड़े होते हैं। शहर के बिजनौर रोड, कोट चौराहा, आजाद मार्ग, बड़ा बाजार, लकड़ा चौराहा पर जाम व हादसे की वजह बने हुए हैं। शहर में सुबह से लेकर शाम तक कई बार जाम लगना आम बात हो गई है। वहीं हादसे भी होते हैं। जिससे लोग परेशान हैं। शहर में वाहन स्टैंड के लिए जगह भी निर्धारित नहीं की गई है, जिस कारण चालक ई-रिक्शा को मनमर्जी से लेकर खड़े रहते हैं।
लोगों की समस्या को 26 फरवरी के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसे संज्ञान में लेकर पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया था। रविवार से ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था, लेकिन पुलिस की सुस्ती और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी की वजह से पहले ही दिन टैफिक प्लान फेल हो गया। अमर उजाला की टीम ने रविवार को पुलिस के ट्रैफिक प्लान की स्थिति की पड़ताल की तो कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।
इन स्थानों पर पहले दिन लगा जाम
बड़ा बाजार, मंडी चौक, नौबत खाना, गुजरी, बसाबन गंज, चकली आदि जगहों पर जाम की स्थिति रही। ई रिक्शा की वजह से जाम का झाम बना रहा। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सीओ ट्रैफिक अभिषेक कुमार ने बताया कि शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट प्लान लागू किया गया है। इस प्लान के तहत ही आवागमन हुआ। यदि फिर भी कहीं कमी रह गई है तो और सख्ती के साथ कार्य किया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए यह है रूट प्लान
- रेलवे स्टेशन से किशनगढ़ वाया टीपीनगर चौराहा से नत्थे खां की मस्जिद, लकड़ा चौराहा और वापस इसी रूट से।
- रेलवे स्टेशन से कचहरी वाया टीपी नगर फ़्लाई ओवर रोडवेज स्टैंड तथा वापस इसी रूट से।
- रेलवे स्टेशन से कांशीराम कालोनी वाया आजाद रोड बड़ा बाजार, गंगा मंदिर, जट बाजार, कॉठ बस अड्डे होते हुए तथा वापस जट बाजार से परिवर्तित मार्ग वाया गश्तियान मोड़ (खत्री कन्या पाठशाला) मंडीचौब होते हुए आजाद रोड पर।
- इस्लाम नगर धनौरा रोड से कॉशीराम कालोनी वाया लकड़ा चौराहा, वासुदेव मंदिर, कुरेशी चौपाल, भूड़ पुलिस चौकी से मिनी बाइपास होते हुए अफगानान मजार वाला चौराहा, कांठ अड्डा और यही से वापस।
- जेएस हिंदू डिग्री कॉलेज, कैलसा रोड कैंपस से कचहरी वाया बाइपास चौराहा से छेबड़ा, पंजाब नेशनल बैंक, माया धर्म कांटा, जयओम नगर, गांधीमूर्ति, टीपी नगर फ्लाई ओवर, रोडवेज बस अड्डा, कचहरी और इसी मार्ग से वापस।
- जेएस हिंदू डिग्री कॉलेज कैलसा रोड कैम्पस से रेलवे स्टेशन वाया बाइपास चौराहा, मुरादाबादी गेट, मंडीचौब चौराहा, आजाद रोड, गांधीमूर्ति चौराहा से तथा वापस गांधीमूर्ति से जयओम नगर, छेबड़ा बाइपास होते हुए ।
- जेएस हिंदू डिग्री कालेज कैलसा रोड कैंपस से किशनगढ़ वाया बाइपास चौराहा, मुरादाबादी गेट, मंडीचौब चौराहा, बड़ा बाजार, गंगा मंदिर, जट बाजार, तहसील चौक तिराहे से कुरेशियों की चौपाल, बैंक कॉलोनी तथा वापस चौक तिराहे से काली पगड़ी, कोतवाली, हिंदू इंटर कालेज, बेरियान से बाइपास होते हुए।