अमरोहा। नगर में गांधी मूर्ति चौराहे से टीपी नगर चौराहा होते हुए अतरासी रोड चौराहे तक मार्ग के चौड़ीकरण के प्रस्ताव का स्थानीय व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है। यह मुद्दा अमरोहा सदर विधायक महबूब अली ने विधानसभा में उठाया था। कलक्ट्रेट पहुंचे व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रस्ताव को निरस्त कराने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में भी कुछ भूमाफिया द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों से सांठगांठ कर टीपी नगर चौराहे से अतरासी मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण की योजना आगे बढ़ाई गई थी। आरोप है कि उस समय छोटे और मझोले व्यापारियों की दुकानों को हटाकर पीछे स्थित निजी भूखंडों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मंशा थी।
विरोध के बाद योजना पर अमल नहीं हो सका था। व्यापारी प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने नगर के बाहरी यातायात को डायवर्ट करने के लिए रिंग रोड का निर्माण कराया जा चुका है। साथ ही अमरोहा महायोजना 2031 में भी इस मार्ग के चौड़ीकरण का कोई प्रावधान नहीं है। इस प्रस्ताव से छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित होगी और भूमाफिया को लाभ पहुंचाने की आशंका है।
इस दौरान समस्त व्यापारियों ने प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है। इस दौरान नवीन गोले, दिलीप खंडेलवाल, आजम, राहुल प्रजापति, शाह आलम, अनिल, फैजान, साद अली, जफर खां, इमरान, सैफ सिद्दीकी, कामिल, इरफान मंसूरी, कमल गुप्ता, मशकूर, आजहर, इशरत अली आदि मौजूद रहे।