अमरोहा। शहर के बिजनौर रोड पर लगातार लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, ओवरब्रिज का निर्माण कराने और यातायात व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई है।
व्यापारियों का कहना है कि बिजनौर मार्ग पर सड़क किनारे ठेले लगने और अव्यवस्थित बाजार के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर शाह विलायत दरगाह के पास बाजार लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को घंटो जाम में फंसना पड़ता है।
व्यापारियों ने सुझाव दिया कि दरगाह के पास लगने वाले बाजार को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए, जिससे यातायात सुचारु रह सके। शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या भी जाम का बड़ा कारण बन रही है।
ई-रिक्शा की संख्या निर्धारित की जानी चाहिए और उनके लिए तय रूट बनाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, जिससे यातायात को नियंत्रित किया जा सके और जाम की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही ठेला संचालकों के लिए किसी अन्य स्थान पर उचित व्यवस्था की जाए, ताकि वह सड़क किनारे ठेले न लगाएं और रास्ता बाधित न हो।
भारी वाहनों को शहर के भीतर से निकालने की बजाय बाइपास मार्ग से गुजारा जाए। इससे शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। यदि अतिक्रमण हटाने, ओवरब्रिज का निर्माण और यातायात प्रबंधन के प्रभावी कदम उठाए जाएं तो बिजनौर रोड पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि शहर के जाम को लेकर नगर पालिका और व्यापारियों के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी। जाम से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।