रजबपुर। पेट्रोल पंप से डीजल लेकर घर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में किसान देवेंद्र सिंह (35) की मौत हो गई जबकि उनके साथी सोनित घायल हो गए। पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
किसान देवेंद्र सिंह गफ्फारपुर गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी मुन्नी देवी के अलावा एक बेटी शिवानी, बेटा प्रिंस व निशांत हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक बुधवार शाम देवेंद्र सिंह गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टर में डीजल भरवाने गए थे। उनके साथ गांव के सोनित कुमार भी थे। पेट्रोल पंप से लौटते समय जैसे ही उनका ट्रैक्टर नहर के पास पहुंचा तो सामने से टेंपो आ गया।
रास्ता संकरा होने के चलते देवेंद्र सिंह ने ट्रैक्टर को रास्ते से थोड़ा नीचे उतरा तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर आठ फीट गहरी खाई में पलट गया। इस बीच ट्रैक्टर पर बैठे सोनित कुमार दूर जा गिरे जबकि देवेंद्र ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ जमा हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे देवेंद्र सिंह को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया है।