हसनपुर। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात डीसीएम ने आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राॅली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक को निजी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली व डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। बताते हैं कि जनपद संभल के असमोली के गांव ढांक सहीद निवासी इब्ले हसन और उसका भाई दिले हसन संभल क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंट लादकर नोएडा में बेचने जाते हैं। रविवार की देर रात दोनों भाई नोएडा से वापस खाली ट्रैक्टर ट्राॅली लेकर संभल लौट रहे थे। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गांव रूखालू के पास रविवार देररात पीछे से आ रही डीसीएम ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। इस हादसे में इबले हसन बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से मेरठ रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।