डिडौली। फाइनेंस पर लिए गए ट्रैक्टर को सहारनपुर के युवक ने पहले अनुबंध पर लिया। बाद में न तो बकाया पैसे दिए और न ही किस्त जमा की। तकादा करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
यह मामला कोतवाली डिडौली क्षेत्र के गांव नीलीखेड़ी का है। गांव निवासी बाबू खान ने फाइनेंस पर ट्रक खरीदा था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण बाबू खान ने सहारनपुर जनपद के गांव कैलाशपुर निवासी सुलेमान से अनुबंध कर लिया था। सुलेमान ने ढाई लाख रुपये नगद देकर ट्रक को ले लिया तथा बकाया एक लाख रुपये बाद में देने का वादा कर लिया।
फाइनेंस की सारी किस्त भी समय से अदा करने का भी अनुबंध किया था। आरोप है कि सुलेमान ने न तो बकाया एक लाख रुपये लौटाए तथा न ही किस्त जमा की। जब बाबू खान व उनके बेटे फरदीन ने तकादा किया तो सुलेमान ने पैसे व ट्रक लौटाने से इंकार कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित फरदीन ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि आरोपी सुलेमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।