अमरोहा। शौचालय के लिए रकम में कटौती कर दी गई है। अब लाभार्थी को 9400 रुपये मिलेंगे। लाभार्थी को 2600 रुपये नहीं दिए जाएंगे। इस रकम का भुगतान शौचालय बनाने वाले को करना है। अब तक शौचालय बनाने के लिए लाभार्थी को 12 हजार रुपये मिलते रहे है। हालांकि शौचालय निर्धारित मानक और डिजाइन के अनुसार कराना है।
यूनिवर्सल सेनिटेशन कवरेज के तहत जिले में दोबारा सत्यापन में 7847 परिवार का चयन किया गया है जिनके घरों में शौचालय नहीं है, लेकिन यह संख्या 8388 रही है। पंचायती राज निदेशक की फटकार के बाद दोबारा सत्यापन हुआ। जिसमें 541 परिवार अपात्र मिलें। यह संख्या जिले के सभी ग्राम पंचायतों की है जिसमें 24 बीपीएल परिवार, 46 दिव्यांग जन, अनुसूचित जाति के एक हजार, भूमिहीन खेतिहर मजदूर परिवार 1426, महिला मुखिया वाले परिवार 2247, लघु और सीमांत किसान के 3104 परिवार शामिल हैं। शौचालय निर्माण के लिए कुल लागत 12 हजार में से सामग्री अंश 9400, श्रम अंश 1050 और अकुशल अंश 1550 रुपये निर्धारित किया गया है। सामग्री अंश का भुगतान स्वच्छ भारत मिशन जबकि 2600 रुपये मनरेगा के तहत भुगतान किया जाना है। यह रकम शौचालय बनाने वाले व्यक्ति को मिलेगी।
जीओ टैगिंग और वॉल पेटिंग भी जरूरी
प्रत्येक कार्य की विशिष्ट आईडी सृजित करते हुए जीओ टैगिंग की जाएगी। प्रत्येक कार्य की सिटीजन इन्फॉर्मेशन बोर्ड या वॉल पेंटिंग जरूर कराया जाए। अस्टीमेट का निर्माण तकनीकी सहायक से कराएं।
यह हैं ब्लॉकवार चिह्नित परिवार
ब्लॉक चिह्नित परिवार
जोया 1846
गंगेश्वरी 1486
हसनपुर 1264
गजरौला 1110
अमरोहा 1095
धनौरा 1046
लाभार्थी के अकाउंट में 9400 रुपये दिए जाने हैं। जबकि 2600 रुपये मनरेगा से भुगतान होगा। शौचालय निर्माण के लिए कार्रवाई की जा रही है। - वाचस्पति झा, डीपीआरओ