स्वतंत्रता दिवस पर आज आजादी के तरानों की गूंज रहेगी। सोमवार को जिले में कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह सात बजे से होगी।
रविवार को डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने अधीनस्थों से कहा कि सोमवार को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह परंपरागत रूप से पूरे जनपद में सादगी, हर्षोल्लास एवं आकर्षक ढंग से मनाया जाएगा। सोमवार सुबह सात बजे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह आठ बजे सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। झंडा अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। सुबह नौ बजे कुष्ठ आश्रम में फल एवं वस्त्र वितरण होंगे। सुबह नौ बजे क्रास कंट्री दौड़ जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा सिक्ख इंटर कालिज नारंगपुर में पांच किमी. पुरुष एवं तीन किमी. महिला की क्रास कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मलिन बस्ती में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त शाम, रात्रि में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।