अमरोहा पुलिस ऑफिस में अधीनस्थों के साथ बैठक करते डीआईजी शलभ माथुर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। डीआईजी ने पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपराधियों पर और ज्यादा शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। करीब ढाई घंटे चली बैठक में निष्पक्ष और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों को अधिक से अधिक मुचलका पाबंद करने के साथ हिस्ट्रीशीटर, वारंटी अन्य कुख्यात अपराधियों को जेल भेजने के निर्देश दिए।
मुरादाबाद आईजी रमित शर्मा के तबादले के बाद डीआईजी शलभ माथुर ने परिक्षेत्र का चार्ज संभाला है। वर्तमान में त्रिस्तरीय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। जिले में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। 19 अप्रैल को मतदान है। ऐसे में गुरुवार की रात करीब नौ डीआईजी अमरोहा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां अधीनस्थों के साथ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर चर्चा की। थाना प्रभारियों से समाज के अराजकतत्वों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने संबंधी स्थिति को जाना। उन्होंने सभी थाना प्रभारी को तत्काल लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने के निर्देश दिए। क्षेत्रों के उम्मीदवारों के विषय में सभी आवश्यक जानकारियां एकत्रित करने को कहा। अवैध शराब के संबंध में उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी छापा मार कर कार्रवाई करें। उन्होंने चुनाव के लिए की गई पुलिस की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपंन कराने के लिए अपनी भूमिका को पूर्णत: जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।
एसपी सुनीति ने बताया कि जनपद में आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इससे पहले डीआईजी से सभी अधिकारियों का परिचय हुआ। इस दौरान एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ विजय कुमार राना, सत्येंद्र कुमार, श्रेष्ठा ठाकुर, सतीश पांडेय समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।