अमरोहा। डीएम के आदेश पर कराए गए निरीक्षण के दौरान नदारद मिले गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के तीन शिक्षकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। ये कार्रवाई शिक्षकों के द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने के बाद की गई है। इतना ही नहीं शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान गायब मिले बीएसए ने पांच शिक्षकों का स्पष्टीकरण तलब किया है। इस शिक्षकों को भी पंद्रह दिन के भीतर जवाब देना होगा।
डीएम राजेश कुमार त्यागी के निर्देश पर 29 अक्तूबर को जिले भर के स्कूलों में प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया था। इस दौरान गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जामनो वाली मढैया में तैनात सहायक अध्यापक सचिन कुमार नदारद मिले थे। स्थानीय लोगों ने ये भी बताया कि सचिन कुमार कभी-कभी स्कूल आते हैं। इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय हैदलपुर में तैनात सहायक अध्यापक देवेंद्र सिंह भी अनुपस्थित पाए गए थे। अधिकारियों को जानकारी मिली कि देवेंद्र सिंह अधिवक्ता भी हैं और वह रोहिणी कोर्ट दिल्ली में वकालत करते हैं। स्कूल से लगातार गायब रहते हैं। उनके हस्ताक्षर कोई और करता है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय मझरा दासी सिंह के तैनात सहायक अध्यापक मनोज कुमार भी निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिले थे। मनोज कुमार के द्वारा भी शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने की बात सामने आई। साथ ही उनके द्वारा विभागीय आदेशों की अवहेलना करने की बात सामने आई। इन सभी शिक्षकों को बीएसए द्वारा स्पष्टीकरण तलब किया गया था। इसके बाद बीएसए मोनिका सिंह ने तीनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी है।
इसके अलावा 20 अक्तूबर को भी डीएम के आदेश पर राजस्व अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सांथलपुर- 2 के सहायक अध्यापक शरद संत, कंपोजिट विद्यालय नवाबपुरा खादर की सहायक अध्यापक प्रीति नगर अनुपस्थित पाए गए थे। जबकि हसनपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिजनौरा के सहायक अध्यापक अंकित कुमार भी गैर हाजिर मिले। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर बंद मिला। यहां के प्रधानाध्यापक खेम सिंह और सहायक अध्यापक सुखबीर सिंह गायब थे। बीएसए इन पांचों अध्यापकों से 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। बीएसए ने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पांचों अध्यापकों पर भी निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
-