डिडौली/रजबपुर। हाईवे स्थित श्री वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी के सामने हुए सड़क हादसे में फैक्टरी कर्मी विकास (25) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने नम आंखों से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पतेई खालसा निवासी विकास हाईवे स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करते थे। सोमवार को वह किसी काम से बाइक से गजरौला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान श्री वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। विकास अपने माता-पिता की इकलौते बेटे और तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके परिवार में पिता ओमवीर सिंह, माता बीना देवी, पत्नी शिवानी और तीन बहनें हैं।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कार चालक की तलाश की जा रही है। संवाद