फर्जी स्टांप पर फर्जी अंगूठा लगाने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
डिडौली क्षेत्र के सलेमपुर नवादा गांव निवासी रफीउद्दीन ने बताया कि 17 जून की शाम चार बजे डिडौली पुलिस ने उन्हें थाने बुलवाया था। जानकारी पर पता चला कि रजबपुर क्षेत्र के अतरासी गांव निवासी अमजद ने रुपये लेने के संबंध में उनके खिलाफ प्रार्थनापत्र दिया है। अमजद ने दस रुपये के स्टांप पर तैयार कर रसीद भी दिखाई है, जिसमें 28 मार्च 2023 को अमजद ने वकील से नोटरी कराया था। उसी स्टांप पर रफीउद्दीन के अंगूठे के फर्जी निशान भी है। साथ ही स्टांप में अमजद के रफीउद्दीन को 40 लाख रुपये देने की बात लिखी है
मामले में कार्रवाई न होने पर रफीउद्दीन ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने बताया कि अमजद ने साथी गुलाम मोहम्मद व गुलाम नबी के साथ मिलकर फर्जी स्टांप तैयार कराया था। मामले में अपर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट द्वितीय ने डिडौली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में अतरासी के रहने वाले अमजद, सलेमपुर नवादा गांव के रहने वाले गुलाम मोहम्मद और गुलाम नबी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।