नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव पंजू सराय निवासी अभिषेक की बहन की दस दिन बाद शादी है। वह जयमाला करने और दहेज में दिए जाने वाले सामान की जानकारी करने के लिए मंगलवार को अपने तहेरे भाई विपिन और फुफेरे भाई अमित निवासी संभल के लाड़म सराय के साथ बाइक गजरौला आए थे।
जयमाला तय कर और दहेज के सामान की जानकारी कर तीनों वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक को अमित चला रहा था। तीनों की बाइक खाद गुर्जर मार्ग पर बैरमपुर-लंबिया के बीच पहुंची थी। इस दौरान सामने से एक बाइक सवार आ गया। दोनों बाइकों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।
जिसमें एक बाइक पर सवार संभल के लाड़म सराय का अमित (29) और दूसरी बाइक पर सवार नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा सादात निवासी अक्षय (25) की मौके पर ही मौत हो गई। विपिन और अभिषेक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अमित व अक्षय के शव और दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हादसे में मौत की सूचना परिजनों को देने के बाद शव मोर्चरी के लिए भेजे। उधर विपिन की हालत नाजुक होने के कारण रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि हादसे में तीन युवकों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई की जा रही है।