अमरोहा। जोया ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द ही नई सड़कों के निर्माण से बड़ी राहत मिलने वाली है। शासन ने 3.65 करोड़ रुपये की लागत से तीन नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी है। इन सड़कों के बन जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों के सफर की राह आसान होगी और बारिश के सीजन में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिलेगी।
पलोला-नरथो मार्ग की लंबाई 1.8 किलोमीटर है और इसके निर्माण के लिए 1.13 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जबकि 1.6 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। वहीं हटव्वा-सैतली मार्ग नेशनल हाईवे के फौजी कोल्ड स्टोर से दो किलोमीटर लंबा है, उसके निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और 1.36 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। तोफापुर-पलोला मार्ग का निर्माण भी इसी योजना के तहत किया जाएगा, जिससे ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों को सड़क सुविधा के लाभ मिलेंगे।
ब्लॉक के नरथो, हटव्वा, तोफापुर और सैंतली जैसे गांवों में मौजूदा मार्गों की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को खासकर बारिश में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पीडब्ल्यूडी ने इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई सड़कों के निर्माण के बाद ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी और उनके दैनिक जीवन में सुधार आएगा।
इस योजना से करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। एक्सईएन गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि नई सड़कें न सिर्फ उनकी यात्रा को आसान बनाएंगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी योगदान देंगी। पलोला-नरथो, हटव्वा-सैतली और तोफापुर-पलोला मार्ग के निर्माण से ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानियों में कमी आएगी और आने वाली वर्षों में बड़ी राहत मिलेगी।