अपराध नियंत्रण के लिए गजरौला थाना क्षेत्र में हलका एक, दो और तीन में पुलिस चौकी बनाई जाएंगी। जहां हलका नंबर एक की चौकी में 21 गांव शामिल किए जाएंगे, वहीं हलका तीन की चौकी में 22 गांवों को शामिल किया जाना है। हलका दो की चौकी का क्षेत्र सबसे छोटा रहेगा। इसमें 13 गांव शामिल होंगे।
तीन और चौकी बन जाने से पुलिस को कोई घटना हो जाने पर गांव में पहुंचने में आसानी रहेगी। अपराध पर भी नियंत्रण हो सकेगा। ग्रामीणों को भी खासी सहूलियत मिलेगी। अब तक गजरौला थाने में कस्बा, औद्योगिक, चौपला और ब्रजघाट सहित चार पुलिस चौकी हैं। मगर थाना क्षेत्र का ऐसा भौगोलिक क्षेत्र है कि अचानक घटना हो जाने पर पुलिस को पहुंचने में काफी समय लगता है।
जिसका फायदा अपराधी और शरारती तत्व उठाते हैं। पुलिस की पहुंच नहीं होने के कारण अपराध नियंत्रण में भी खासी परेशानी सामने आती है। अपराधियों की कमर तोड़ने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए तीन और चौकी बनाने का निर्णय लिया गया है। थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह का कहना है कि तीन चौकी बनाने का काम चल रहा है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि चौकी के लिए जल्द से जल्द भवन बनाए जाएंगे।
हलका- एक में गांव
मोहरका पट्टी, तिगरी, सुनपुरा, सुनपुरा खुर्द, घासीपुरा, सीकरी खादर, सिहाली मेव, नगलिया मेव, गंगापुरी, पपसरा खादर, टोकरा पट्टी, पतेई एमन, अलीनगर, नौनेर, चकनवाला, मुरादपुर शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा गंगा और राम गंगा पोषक नहर के टापू में बसे शीशों वाली, भुड्डी वाली, मंदिर वाली, टीकों वाली, दारानगर गांव भी हलका-एक की चौकी में शामिल होंगे।
हलका-दो की चौकी में
कसेरुआ, बहलोलपुर, रहदरा, वारसाबाद, फौंदापुर, मझौला, शाहपुर, खाद गुर्जर, नंगला माफी, पाल, भारापुर, चौकपुरी, खेड़की भूड़ और शहवाजपुर माफी गांव को शामिल किया जाएगा।
हलका-तीन की चौकी में
सुल्तानपुर उर्फ नवादा, चौबारा, छोया, भीकनपुर शुमाली, लिसड़ी बुजुर्ग, कटाई, चौहड़पुर, सलारपुर, अटारी मुरीदपुर, मीरपुर, रहमतपुर खालसा, बल्दाना असगर अली, बस्तौरी माफी, खजूरी, दरियापुर बुजुर्ग, गदापुर, शाहपुर बुजुर्ग, रायपुर शुमाली, होशंगपुर गुर्जर, नगलिया बहादुरपुर, बैरमपुर व हैबतपुर गांव को शामिल किया जाएगा।