अमरोहा। जिले में शनिवार को डेंगू के तीन और मरीज मिले। इसके साथ ही संख्या 10 हो गई है। लगातार मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। प्रभावित स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी 1547 रही।
जांच में हरियाना गांव निवासी 54 वर्षीय महिला, जोया निवासी 17 वर्षीय युवती और 25 वर्षीय महिला में डेंगू एनएस-1 पॉजिटिव मिला है। तीनों का उपचार चल रहा है। अब एलाइजा जांच कराई जाएगी। वहीं 66 आशंकित स्वाइन फ्लू मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। पिछले एक माह से जिले में बुखार का प्रकोप बना हुआ है। अमरोहा और जोया सीएचसी में भी बुखार के 30-35 मरीज पहुंचे। सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि डेंगू मरीजों का उपचार चल रहा है और उन्हें घर पर आराम की सलाह दी गई है। डेंगू मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों टाइफाइड और वायरल फीवर के मरीज भी बढ़े हैं। बुखार होने पर तत्काल जांच कराने और अस्पताल से ही दवा लेने की सलाह दी।