बरेली से मुरादाबाद जाने की बात कहकर इनोवा में सवार हुए तीन बदमाशों ने बरेली के मीरगंज के निकट पेशाब के बहाने गाड़ी को रुकवाकर चालक को कब्जे में लिया। बाद में इनोवा को गजरौला में लाए। कांकाठेर के जंगल में चालक को फेंक इनोवा लूट ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया।
बरेली के सुभाष नगर का राम कुमार इनोवा चालक है। वह मंगलवार की रात इनोवा लेकर मुरादाबाद जा रहा था। झुमका चौराहा पहुंचने पर उसने पानी की बोतल खरीदने को इनोवा रोकी। यहां पर तीन लोग खड़े थे। उन्होंने मुरादाबाद तक चलने की बात कही। तीनों को गाड़ी में सवार कर लिया। मीरगंज के पास पहुंचने पर इनोवा में सवार हुए तीनों ने पेशाब करने के लिए इनोवा रुकवाई। गाड़ी रोकते ही दो लोग नीचे उतर गए और एक अंदर बैठा रह गया। अंदर बैठे रहे शख्स ने मौका पाकर इनोवा चालक राम कुमार को कब्जे में कर लिया। उसके दोनों साथियों ने उसे गाड़ी में ही पीछे डाल लिया। एक बदमाश ने गाड़ी का स्टेयरिंग थामा और गजरौला थाना क्षेत्र लेकर आया। यहां कांकाठेर के जंगल में उसे फेंक दिया।
इसके बाद गाड़ी लेकर भाग गए। उसके फोन करने पर यूपी-112 पुलिसकर्मी पहुंच गए। थाना पुलिस और सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घटना की एसपी, एएसपी को जानकारी दी। चालक की तहरीर पर पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है।