रोडवेज के चालक व परिचालक अब जिस रूट पर बसें दौड़ाएंगे उस मार्ग के सड़कों पर पड़ने वाले गड्ढों की फोटो भी खींचेंगे। इसके बाद यह फोटो रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजेंगे। इसके लिए चालकों और परिचालकों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
अब सड़कों के गड्ढे भरने के मामले में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों मनमानी नहीं चलेगी। न ही इसमें किसी तरह का फर्जीवाड़ा किया जा सकेगा। कारण कि अब इसकी क्रॉस चेकिंग होगी। शासन ने लोक निर्माण विभाग के काम की निगरानी या कहें तो क्रॉस चेकिंग करने की जिम्मेदारी रोडवेज कर्मचारियों को सौंपी है। रोडवेज के चालक व परिचालक अब जिस रूट पर बसें चलाएंगे उस मार्ग पर सड़कों के गड्ढों की फोटो भी खींचेंगे। फिर सड़कों के गड्ढों की फोटो रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के जरिए रिपोर्ट के साथ मुख्यालय भेजी जाएगी। ताकि जमीनी हकीकत का पता लग सके। इसी रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग के सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान की समीक्षा होगी। इस रिपोर्ट से ये पता लगाना आसान होगा कि लोक निर्माण विभाग ने किन रूटों की सड़कों के गड्ढे भरे अथवा नहीं भरे हैं। यही नहीं गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत गिट्टी व डामर डालकर ठीक से काम किया गया या कामचलाऊ। इसका भी आसानी से पता लग सकेगा। रोडवेज के चालकों व परिचालकों की ओर से खींची गई फोटो में दिखने वाले गड्ढे पीडब्ल्यूडी विभाग के संबंधित अधिकारी कार्रवाई कराने के काफी होंगे। एआरएम आशीष कुमार नागर ने बताया कि शासन के निर्देश पर चालक और परिचालों को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं।