नौगांवा सादात पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से मंगलवार रात डकैती की साजिश रच रहे कच्छा बनियान गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इन्हीं बदमाशों ने करीब 15 दिन पहले सैदपुर इम्मा गांव में डकैती डाली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद की है। अंधेरे का फायदा उठाकर भागे गिरोह के सरगना समेत चार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने पुलिस ऑफिस में खुलासा करते हुए बताया कि घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार रात नौगांवा सादात इंस्पेक्टर सुनील कुमार एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ सुल्तानपुर गांव के जंगल में चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने आम के बाग में कुछ संदिग्ध लोगों को खड़े देखा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, चार भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम संभल के नखासा के मोहल्ला तुर्तीपुरा निवासी नाजिम उर्फ टाइगर, दानिश उर्फ चच्चा व मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के आदमपुर निवासी डॉलर उर्फ अहमद बताए। जबकि, भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव रानी नगला निवासी ताहिर, जोन, शोएब उर्फ लंबू व रोजन भाग गए।
ताहिर गिरोह का सरगना है। पूछताछ में बदमाशों ने कबूल किया कि वह सभी सुल्तानपुर गांव में डकैती डालने की साजिश रच रहे थे। पकड़े गए बदमाशों ने 25 मई की रात सैदपुर इम्मा गांव के बाहरी छोर पर बने बाबू के घर में डकैती डाली थी। विरोध करने पर लोगों से मारपीट की गई थी। इस दौरान बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और 1.2 लाख की नकदी लूटकर भाग गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी।
एसपी के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से डकैती के दौरान लूट गए सोने-चांदी के आभूषण और 1.33 लाख बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, वांछित ताहिर, जोन, शोएब उर्फ लंबू और रोजन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी बदमाश कच्छा बनियान पहनकर घटना का अंजाम देते हैं।