रजबपुर। बाइक चोरी करने वाले गिरोह का रजबपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी संभल जिले के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर और गाजियाबाद कई जनपदों में लूट, वाहन चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के तहत कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
एसपी लखन सिंह ने बताया कि चार जून को रजबपुर क्षेत्र स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने से एक बाइक चोरी हुई थी। इसी मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार देर रात थाना प्रभारी विकास सहरावत पुलिस टीम के साथ हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे और संपर्क मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। अतरासी के पास पुलिस ने तीनों बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे अमरोहा की ओर भाग निकले। पीछा करने पर बदमाश गांव सूदनपुर के पास कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि घेराबंदी कर उसके दो साथियों को भी दबोच लिया गया। पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम असद उर्फ सुई निवासी अकबरपुर गहरा थाना असमौली, जिला संभल बताया। उसके साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी ताहिर निवासी जनैटा थाना बनियाठेर और युसुफ निवासी मवई डोल थाना असमौली जिला संभल के रहने वाले हैं। घायल असद को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी के मुताबिक असद के खिलाफ 13, युसुफ के खिलाफ 19 और ताहिर के खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।