गजरौला/बछरायूं(अमरोहा)। जनपद मुजफ्फरनगर के शामली से लापता तीन युवतियां बछरायूं में मिलीं। यहां पहुंची मुजफ्फरनगर पुलिस बछरायूं से तीनों युवतियों समेत गजरौला के चार युवकों को भी पकड़कर अपने साथ ले गई।
बुधवार को शामली पुलिस ने थाने में आमद कराई। इसके बाद पुलिस ने मोहल्ला जलालनगर नई बस्ती में एक घर में छापा मारा। पुलिस ने यहां से एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद एक दूसरे मोहल्ले से उसके साथी को भी हिरासत में ले लिया। बताते हैं कि शामली से लापता तीनों युवतियां कुछ दिनों तक यहां किराए का कमरा लेकर रही थीं। इनको साथ लेकर पुलिस बछरायूं भी गई और वहां से तीनों युवतियों को ले आई। वहीं गजरौला थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर से भी दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस टीम ने सिर्फ इतना ही बताया कि शामली कोतवाली में युवतियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज है। जांच के दौरान तथ्य मिलने पर ही पुलिस यहां आई है। वहीं बछरायूं इंस्पेक्टर ने वहां बाहर की पुलिस आने अथवा युवतियों को ले जाने की जानकारी होने से इंकार किया है।