अमरोहा। शर्मा देवी कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। तीन दिन तक आयोजित हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए व्यवहारिक प्रशिक्षण लिया। आयोजित के तीसरे व अंतिम दिन की शुरुआत ध्वजारोहण व मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलन से हुई। शिविर के दौरान प्रशिक्षका संगीता विश्नोई ने छात्राओं को झंडा विधि, गांठें बांधने की तकनीक, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, नक्शा पढ़ने की विधि, साफ-सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही समूह खेल, देशभक्ति गीत, योगाभ्यास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा कार्यों से संबंधित गतिविधियां भी कराई गईं।
शिविर के अंतिम दिन कैंपिंग का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ. जीपी सिंह, जिला आयुक्त स्काउट आदिल अब्बासी व जिला संगठन आयुक्त अजय कुमार ने सभी टेंट का निरीक्षण करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही पहल, दूसरे व तीसरे स्थान पाने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। अपने संबोधन में डाॅ. जीपी सिंह ने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मनिर्भरता, साहस, टीम की भावना, और नेतृत्व गुण का विकास होता है। प्रधानाचार्या चारू शर्मा ने शिविर के दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं को न केवल अनुशासन व आत्मविश्वास प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर पुष्पा वर्मा, ममता अग्रवाल, जकिया, स्वेता, जया, ज्योति आदि स्टाफ उपस्थित रहा।