ब्रजघाट में बढ़े गंगा के जलस्तर में स्नान कर रहे तीन बालक डूब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर कूदे गोताखोरों ने दो बालकों को बचा लिया, लेकिन तीसरा डूब गया। कई घंटे बाद उसका शव बरामद होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। गंगा घाट पर हुए हादसे से खलबली मच गई। देरशाम तक मृतक का शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया था।
शनिवार की दोपहर 1 बजे थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद निवासी बाबर अली का 12 वर्षीय पुत्र मुज्जमिल अपने दोस्त जीशान व मुन्ने के साथ ब्रजघाट गंगा में ओवरब्रिज के नीचे पिलर नंबर-6 के पास स्नान कर रहा था। इस दौरान गंगा के जलस्तर में अचानक इजाफा हो रहा है।
स्नान करते-करते तीनों बालक गहरे पानी के भंवर में फंस गए। तेज धारा में उलझने से तीनों डूब गए। शोर सुनकर मौके पर कूदे गोताखारों ने जुनैद व दूसरे बालक को बचा लिया, लेकिन मुज्जमिल ज्यादा गहरे पानी में जाने के बाद गुम हो गया। इसके बाद अन्य गोताखोरों भी उसकी तलाश में जुट गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीन बजे बालक का शव मिलने पर कोहराम मच गया।
सूचना पाकर ब्रजघाट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि परिजन द्वारा पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया। देरशाम तक परिजन मृतक के शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी में जुटे थे।
ग्राम प्रधान पति रहमत अली ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। इशा की नमाज के दौरान उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया जाएगा। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।