अमरोहा के हसनपुर में अवैध रूप से भ्रूण की लिंग जांच करने का मामला पांच माह बाद फिर सामने आया है। हरियाणा की पीसी-पीएनडीटी टीम ने छापेमारी कर एक निजी अस्पताल की छत से भ्रूण लिंग जांच होते पकड़ा। कार्यवाई से बचने को दो युवक छत से नीचे कूद गए। जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने माइक्रो अल्ट्रासाउंड मशीन एवं अन्य उपकरण मौके से बरामद किए हैं। यहां 40 हजार रुपये में हरियाणा की महिला का भ्रूण लिंग परीक्षण किया जा रहा था।
हरियाणा की पीसी-पीएनडीटी (जन्म पूर्व लिंग परीक्षण निरोधक टीम) के नोडल अधिकारी डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक महिला को भ्रूण का लिंग जांच कराने के लिए लगाया गया था। वहां से नलराज नाम का व्यक्ति सोमवार को महिला को भ्रूण लिंग परीक्षण के लिए हसनपुर लेकर आया। उसे पीछा करते हुए टीम यहां तक पहुंची। टीम में डॉक्टर प्रदीप कुमार के अलावा डॉक्टर हरीश कुमार, डॉक्टर उर्वशी, फरीदाबाद पुलिस क्राइम ब्रांच से एएसआई परमवीर, दो सिपाही और एक महिला सिपाही की टीम पीछा करते हुए हापुड़ पहुंची। लेकिन उस महिला का हापुड़ में भी भ्रूण लिंग परीक्षण नहीं हो सका। वहां से दलाल महिला को गजरौला की दिशा में लेकर चल दिया। इसकी सूचना हापुड़ के पीसी-पीएनडीटी टीम के नोडल अधिकारी डॉक्टर दिनेश खत्री को दी। जानकारी मिलने पर वह भी सहयोग के लिए साथ में हो गए।
सोमवार देर रात महिला को हसनपुर में अतरासी मार्ग पर आरएम क्लीनिक की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में ले जाकर भ्रूण का लिंग परीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने पीछे से पहुंच कर छापेमारी कर दी। यहां से टीम से बचने के लिए दो युवकों ने छत से नीचे को छलांग लगा दी। करीब 20 फीट नीचे गिरे दोनों युवक घायल हो गए। घायल युवकों की पहचान तिलकराज निवासी अहरौला अहमद यार खां थाना हसनपुर और नलराज निवासी गांव गोंची फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंच गई। घायलों को वहां से ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
उधर, पीसी-पीएनडीटी की टीम ने मौके से माइक्रो अल्ट्रासाउंड मशीन एवं अन्य उपकरण बरामद किए। तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से गिरफ्तार तिलकराज नाम का व्यक्ति पांच माह पूर्व भी भ्रूण लिंग परीक्षण के मामले में पकड़ा गया था। भ्रूण लिंग की जांच कराने वाली महिला का कहना है कि भ्रूण लिंग की जांच कराने के लिए उससे 40 हजार रुपए लिए गए। अमरोहा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजीव सिंघल का कहना है कि भ्रूण लिंग परीक्षण का मामला पकड़ा गया है। तीन आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। सीओ अभिषेक यादव का कहना है कि मामले में कार्रवाई कराई जा रही है।