अमरोहा। चुनावी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर नवनिर्वाचित महिला ग्राम प्रधान को जान से मारने की धमकी दी। तमंचा लहराते हुए पीछे दौड़े। फब्तियां कसते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गंगदासपुर गांव का है। यहां रहने वाले मोहम्मद इरफान की पत्नी कुलसुम जहां ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई हैं। आरोप गांव के दबंग लोग चुनावी रंजिश रखते हैं। उनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर, लूट आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने नवनिर्वाचित प्रधान और उसके परिवार को जान से मारने की खुलेआम धमकी दी है। आरोप है कि अपने हाथों में तमंचा लेकर पीछे दौड़ते हैं। घर के आगे को निकलते हुए फब्तियां और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। आरोपियों के कृत्य से परिवार पूरी तरह भयभीत है। ग्राम प्रधान का कहना है कि यह लोग किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर कमरे आलम, अब्दुल्ला, अयूब और सुहेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कमरे आलम हिस्ट्रीशीटर है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।