जोया। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में जमानत पर जेल से छूटे दुष्कर्म के आरोपी से दिल्ली की महिला ने साथियों के साथ मिलकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर अपहरण के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोपियों ने खुद को पत्रकार बताकर पुलिस को प्रभाव में लेने की भी कोशिश की। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि जोया के मोहल्ला इकबाल नगर में सत्तार का परिवार रहता है। उनका बेटा शोएब दिल्ली के सुल्तानपुरी में एक डॉक्टर के यहां नौकरी करता था।वहां की रहने वाली एक महिला ने शोएब को दुष्कर्म के आरोप में जेल भिजवा दिया था। 7 फरवरी को शोएब जेल से जमानत पर बाहर आ गया। इसकी भनक लगते ही 27 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे महिला तीन युवकों के साथ घर में घुस आई और पांच लाख रुपये की मांग की।
रुपये देने से इनकार किया तो महिला ने अपहरण का झूठा मुकदमा लिखवाने की धमकी दी। थोड़ी देर में मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोपियों में एक व्यक्ति खुद को पत्रकार बता कर धमकी देने लगा, जबकि दो युवक वीडियो बनाने लगे। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली पहुंची, यहां आरोपी पुलिस को प्रभाव में लेने की कोशिश करने लगे।
सीओ ने बताया कि जांच के बाद शोएब के पिता सत्तार की तहरीर पर महिला उसके साथी बहराजन, मुन्नालाल और रविंद्र के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि ये लोग लोगों को झूठे मुकदमे में फंसा कर अवैध वसूली करते थे।