जिलेभर में ईद उल फितर का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की। ईदगाह पर खुदा की बारगाह में लाखों हाथ उठे। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
शनिवार को अमरोहा में ईदगाह पर जामा मस्जिद के उस्ताद मुफ्ती असलम ने ईद की नमाज अदा कराई। करीब चालीस हजार लोगों ने नमाज अदा की। ईदगाह के बाहर तक नमाजियों की भीड़ जमा थी। अकीदत के साथ नमाज अदा कर देश दुनिया में अमनो अमान की दुआ की गई। नजाम के बाद खुतबा पढ़ा गया। मौलाना मुफ्ती असलम ने फरमाया कि रोजदारों के लिए खुदा ने ईद उल फितर का त्यौहार तोहफे में दिया है। इसके साथ ही पानी बचाने, पेड़ लगाने की अपील की गई। मौलाना ने कहा कि सभी को भाईचारे के साथ रहना चाहिए। शहर इमाम मौलाना सैय्यद मोहम्मद तारिक हसन ने प्रशासन, पालिका चेयरमैन और अन्य लोगों का ईदगाह पर किए गए इंतेजाम के लिए शुक्रिया अदा किया।
विज्ञापन
देश में अमन और तरक्की के लिए लाखों हाथ खुदा की बारगाह में उठे। ईदगाह के अलावा कुछ चुनिंदा मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई। जो लोग ईदगाह पर नहीं पहुंच सके।
उन्होंने मस्जिदों में नमाज अदा कर दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं ईदगाह पर मेला लगा रहा। बच्चो ने खिलौने खरीदे और चाट पकौड़ी खाई। इसके अलावा एक दूसरे के घर जाकर मिठाई और सेवइयां खाई। शाम होने तक ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा। जिलाधिकारी हेमंत कुमार, एसपी सुधीर कुमार ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।