अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद से संबद्ध अमरोहा समेत पांच जिलों के महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित में प्रवेश प्रक्रिया की तिथियां बढ़ाते हुए ऑनलाइन पंजीकरण और महाविद्यालय चयन के लिए 19 अगस्त तक का समय दिया है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सत्र 2026-27 में स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण एवं महाविद्यालय चयन के तीसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और महाविद्यालय चयन की प्रक्रिया आठ अगस्त से शुरू हो चुकी थी। छात्र-छात्राएं 19 अगस्त तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसके बाद 20 अगस्त को शाम पांच बजे तक संबंधित महाविद्यालय में रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आवेदन फॉर्म जमा करना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण के बाद यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो छात्र-छात्राएं अपने समर्थ लॉगइन के माध्यम से 19 अगस्त तक उसमें संशोधन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर प्रवेश संबंधी नियम, पाठ्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।