चोरों ने 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर किसान के घर से नकदी व जेवर चोरी किए थे। हालांकि, घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी पुलिस पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयानों में उलझी हुई है। सोमवार को सीओ ने भी मुआयना किया। पुलिस का दावा है कि घटना को लेकर परिजन बयान बदल रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौगांवा सादात क्षेत्र के आलमपुर कैंच निवासी किसान मोहम्मद उस्मान का दो मंजिला घर बाहरी छोर पर है। शनिवार रात परिवार के लोग दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोए थे। रात में 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने नीचे बने कमरों में रखी अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत 20 लाख रुपये का समान चोरी कर लिया था। रविवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी। वहीं, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
सोमवार को सीओ अभिषेक कुमार ने भी गांव पहुंचकर चोरी की घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवार के लोगों से अलग-अलग जानकारी जुटाई। इस दौरान परिजनों ने बताया कि चोर 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए थे। सीओ ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्दी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।