डिडौली कोतवाली क्षेत्र के सहसपुर अलीनगर गांव में मोहम्मद शमी और खुर्शीद के परिवार रहते हैं। दोनों परिवारों के बीच महिला भाग ले जाने को लेकर रंजिश चल रही है। बृहस्पतिवार को गांव में छड़ी मेला लगा था। शाम करीब छह बजे मोहम्मद शमी के परिवार से इरफान, अरकान, इंतकाम और खुर्शीद के पक्ष से आसिफ, बिलाल, अजमल, अतीक व कुछ अन्य लोगों आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और बेल्टें चलीं। सूचना पर दरोगा फूल कंवार, कांस्टेबल असलम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझने का प्रयास किया।
लेकिन, पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद भी दोनों पक्ष झगड़ते रहे। इस बीच इंतकाम घर से तमंचे लेकर आया और हवाई फायरिंग करने लगा। घटना से गांव के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। माहौल बिगड़ता देख अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ा। पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले। मारपीट में घायल इरफान, अरकान, आसिफ, बिलाल, अजमल, अतीक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में दरोगा की तहरीर पर इरफान, अरकान, इंतकाम व 10 अज्ञात और दूसरा पक्ष के आसिफ, बिलाल, अजमल, अतीक व 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इन धाराओं में दर्ज की गई रिपोर्ट
सीओ ने बताया कि मामले में पुलिस की ओर से दोनों पक्ष के लोगों पर वीएनएस की धारा 223, 132, 125, 115(2) और अपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।