रविवार को कलक्ट्रेट, कैलसा और रजबपुर बिजलीघरों की लाइनों में मरम्मत का काम होना था। लिहाजा सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति को बंद कर दिया गया। बिना सूचना के बिजली आपूर्ति बंद होने के चलते बिजलीघरों से जुड़े अमरोहा के 10 मोहल्लों समेत लगभग 50 से अधिक गांवों के लोगों को परेशानी से दो चार होना पड़ा। बिना पूर्व सूचना के आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल की किल्लत हुई। लघु उद्योग संचालकों को भी जनरेटर का सहारा लेना पड़ा। देर शाम छह बजे आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
उपभोक्ताओं सुनील कुमार, अंकित गुप्ता, मनोज कुमार, रण विजय सिंह, दुष्यंत कुमार आदि का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा मरम्मत की सूचना पहले नहीं दी गई। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। अगर पहले जानकारी मिल जाती, तो घरों के जरूरी काम समय रहते पूरे कर लेते।
इन बिजली घरों की आपूर्ति रही बाधित
रविवार को कलक्ट्रेट कैलसा व रजबपुर बिजलीघर से जुड़े गांवों की बिजली बाधित रही। कलक्ट्रेट बिजली घर से जुड़े ऑफिसर कॉलोनी, अमरोहा ग्रीन, सिटी होम्स, रायपुर खुर्द, प्रीत विहार कॉलोनी, बंबूगढ़, बदावाला, सुबोध नगर, पुष्कर नगर, कैतवाली समेत ग्रामीण क्षेत्र के कैलसा बिजली घर से जुड़े ढेला नंगला, जगा नंगला, जलालपुर, मालीपुर, ढ्योडी वाजिदपुर, पृथ्वीपुर, तेलीपुरा माफी, रामहट, मंझौला, मंझोली व कड़ापुर आदि समेत रजबपुर के हुमायूं नगर, मोहम्मदपुर, नाजरपुर, नाईपुरा, ईंट का रड़ा, रसूलपुर, फरीदपुर हैबतपुर, जगुआ खुर्द, सलारपुर, चकमजदीपुर, चोटीपुरा, शकरपुर, जगुआ कला आदि गांवों की बिजली गुल रही।
इन दिनों लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए एक दिन पूर्व ही तैयारी कर ली जाती है। साथ ही लोगों को सूचना देने के लिए मीडिया को प्रेस नोट जारी किया जाता है। लेकिन, किन्ही कारणों प्रेस नोट जारी नहीं हो सका। उपभोक्ताओं को असुविधा न हो इसके लिए विशेष ध्यान रखा जाएगा।
निखिल वर्मा, एक्सईएन।