अमरोहा। अमरोहा डिपो की कई रोडवेज बसों में आग से बचाव के यंत्रत तो छोड़िए, फर्स्ट एड बॉक्स तक की सुविधा नहीं है। अधिकारियों की छोटी सी लापरवाही यात्रियों के लिए जानलेवा बन सकती है। जानकारी होने के बाद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गर्मी में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन परिवहन निगम गंभीर नहीं है। अमरोहा डिपो की अधिकांश रोडवेज बसें बिना अग्निशमन यंत्र के सड़कों पर दौड़ रही हैं। जिन बसों में अग्निशमन यंत्र लगे हैं, वह एक्सपायर हो चुके हैं। विभागीय अफसर ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में अगर बस में आग की घटना होती है तो उसको बुझाना मुश्किल हो जाएगा। बता दें कि बस स्टैंड में 94 बसे हैं जिसमें निगम की 75 बसे हैं और 19 अनुबंधित बसे शामिल हैं। सड़कों पर दौड़ने वाली अधिकांश बसों में फायर सिलिंडर नहीं है। सरकारी ही नहीं, बल्कि अनुबंधित बसों में भी आग बुझाने के इंतजाम नहीं हैं। इन बसों में अग्निशमन यंत्र या तो गायब हैं या फिर मात्र शोपीस बने हैं। जबकि परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान में बस मालिकों व चालकों को यातायात नियमों का पाठ भी पढ़ाया जाता है।