गजरौला। बच्चे का मुंडन संस्कार कराने गए सेवानिवृत्त बीएसएफ कर्मी के घर को ताला तोड़कर चोर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बच्चे की गुल्लक को फोड़कर उसमें जमा किए रुपये भी निकाल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। एक्सपर्ट टीम ने सबूत एकत्र किए।
मानसरोवर कॉलोनी निवासी शिव कुमार शर्मा बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। उनके बेटे अमित कुमार शर्मा इंजीनियर हैं। वह धनौरा मार्ग किनारे स्थित एक औद्योगिक इकाई में जॉब करते हैं। अमित ने बताया कि उन्होंने बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी मेले में बेटे वेदांत का मुंडन संस्कार कराया। इसके लिए सुबह पांच बजे घर के ताले लगाकर वह, उनके पिता सहित पूरा परिवार तिगरी गया था। बेटे का मुंडन संस्कार कराने के बाद परिवार के बाकी सदस्यों को छोड़ वह सुबह नौ बजे घर आ गए तो देखा कि घर के मेन गेट पर लगा ताला टूटा था।
दोनों कमरों के ताले भी टूटे थे। सेफ व डबल बेड के ताले भी टूटे थे। चोर उनके बेटे वेदांत की गुल्लक को फोड़ उसमें से भी रुपये निकाल ले गए।